रामगढ़। रामपुर बरकोनिया पुलिस ने शुक्रवार को 65 पशुओं को बरामद किया। उन्हें जंगल के रास्ते वध के लिए बिहार ले जाया जा रहा था। पशुओं के साथ मौजूद दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।
रामपुर बरकोनिया एसओ कमल नयन दुबे ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ व पशुओं की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर अंजान के डेरा के रास्ते पर घेरेबंदी की गई। कुछ ही देर में जंगल के रास्ते से दो लोग पशुओं को लेकर पहुंचे। उन्हें रोककर पूछताछ किया गया तो उन्होंने अपना नाम कोन के मच्छरमारा निवासी रामभरत पनिका और राजेंद्र पनिका बताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि सभी पशुओं को बिहार के अधौरा थाना क्षेत्र निवासी मुंतजीर उर्फ मुमताजी अली के कहने पर बॉर्डर पार कर बिहार ले जाया रहा है। वहां से पशुओं को बंगाल ले जाया जाना है। पुलिस टीम पशुओं को सुरक्षित एकत्रित कर रही थी, इसी बीच दोनों तस्कर जंगल के रास्ते फरार हो गए। एसओ ने बरामद 65 पशुओं को गोशाला मऊकला में रखा गया है। इस मामले में रामभरत पनिका, राजेंद्र पनिका और मुंतजीर उर्फ मुमताजी अली के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।