सोनभद्र। डीएम अमित कुमार सिंह ने 18 नवंबर को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया। इसमें उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाए और नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराई जाए। परीक्षा केंद्रों को सील रखा जाय। अभ्यर्थियों के प्रवेश की सरलता के लिए अधिकाधिक काउंटर खोले जाएं। पूरी तलाशी के बाद ही अभ्यर्थी को प्रवेश दिया जाए। परीक्षा खत्म होने के बाद ही उन्हें बाहर जाने दिया जाए।
डीएम ने बताया कि 12 परीक्षा केंद्रों पर 18 नवंबर को दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर बाद तीन बजे से साढ़े पांच बजे तक होगी। दो सचल दल बनाये गये हैं। स्टैटिक मजिस्ट्रेट दोनों पालियों के परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के हिसाब से निर्धारित कर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों को पहले ही उनकी बारीकियों की जॉच कर ली जाय, ताकि परीक्षा के समय कैमरे की सुचारूकता बनी रहें। बैठक में एडीएम उमाकांत त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।