सोनभद्र। जिले में बुधवार से अंत्योदय कार्ड धारकों को सूखा राहत पैकेट के वितरण की शुरुआत की गई। मुख्य समारोह चुर्क स्थित हरसेवानंद पब्लिक स्कूल में पांच ग्राम पंचायत के लाभार्थियों को राहत पैकेट उपलब्ध कराया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश सिंह पटेल, सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने कहा कि गरीबों की खुशहाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए उन्हें सूखा राहत नहीं बल्कि सम्मान दिया जा रहा है। कोई पात्र इससे वंचित न रहने पाए, इसके लिए अधिकारियों को हिदायत भी दी। एडीएम उमाकांत त्रिपाठी ने बताया कि चुर्क में हुए समारोह में छपका के 40, लोढ़ी के 59, उरमौरा के 34, बिच्छी के 43, सहिजनकला आदि गांवों के 58, कुल 234 लोगों को सूखा राहत पैकेट वितरित किया गया। इसी तरह राबट्र्सगंज तहसील के कम्हारी गांव में 56, बढ़ौली में 67, अरौली में 176, बहुआर में 192 सूखा राहत पैकेट वितरित हुआ। बभनी के भी 20 गांवों में विभिन्न माध्यमों से पात्रों तक सूखा राहत पैकेट पहुंचाया गया। प्रशिक्षु आईएएस/उप जिलाधिकारी सदर डॉ. अंकुर लाठर ने सूखा राहत वितरण में किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिली तो कार्रवाई होगी। इस मौके पर डीएसओ राकेश तिवारी, तहसीलदार सदर नंदलाल सिंह आदि मौजूद रहे। घोरावल: तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सूखा राहत पैकेट का वितरण किया गया। एसडीएम शादाब असलम ने बताया कि पहले दिन शिवद्वार,बिसरेखी, खड़देऊर, बदिज्या, धरसड़ा, खुटहा, केवटा, दीवा, भरौली आदि गांवों के कुल 422 ग्रामीण लाभान्वित हुए। बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 4651 पात्रों को इस योजना का लाभ मिलेगा।