बभनी (सोनभद्र)। जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने गोद लिए बभनी ब्लॉक के कई गांवों का गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। कहा कि 31 मार्च तक बभनी ब्लॉक ओडीएफ होगा। इस दौरान शौचालय के मानकों की जांच कर संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
डीपीआरओ ने ब्लॉक क्षेत्र के इकदीरी, आसनडीह, खोतोमहुआ, डुभा, संवरा, हथियार, चकचपकी गांवों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से शौचालय की उपयोगिता पर बल देने को कहा। 31 मार्च तक ब्लॉक को ओडीएफ बनाने का ग्रामीणों को संकल्प दिलाया। गांव के भ्रमण के बाद डीपीआरओ ने ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की बैठक ली। शौचालय निर्माण के प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिया। इस दौरान सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों से गांव को जल्द से जल्द खुले में शौच मुक्त गांव बनाने की अपील की। सहायक विकास अधिकारी पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव, जिला प्रोग्राम कोआर्डिनेटर किरण, बीडीओ जेएन राव, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अरुण सिंह, रामलाल कौशिक, अजय सिंह, पार्थराज सिंह, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।