सोनभद्र। जिले की एकमात्र नगर पालिका और सात नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए 82 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इसमें से 67 प्रत्याशियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और ये जमानत तक नहीं बचा सके। सिर्फ 15 प्रत्याशी ही जमानत बचा पाए हैं। घोरावल एवं पिपरी नगर पंचायत में सिर्फ विजेता प्रत्याशी ही अपनी जमानत बचा पाए हैं, जबकि राबर्ट्सगंज नगर पालिका, ओबरा, दुद्धी, चुर्क-घुरमा एवं चोपन नगर पंचायत में विजेता एवं उपविजेता प्रत्याशी की जमानत बची है। वहीं रेनुकूट नगर पंचायत में विजेता, उपविजेता समेत तीन प्रत्याशियों की जमानत बची है।
राबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 13 प्रत्याशी रहे। इसमें सिर्फ विजेता रहे भाजपा के विरेंद्र एवं उपविजेता रहे निर्दल प्रत्याशी विजय कुमार जैन की जमानत बची है। जबकि सपा, बसपा, कांग्रेस, आप समेत 11 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। इसी प्रकार से ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 18 प्रत्याशियों में विजेता भाजपा की प्रानमती देवी एवं उपविजेता सपा की सुधा की जमानत बची है। यहां भी कांग्रेस, बसपा, आप समेत 16 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 12 प्रत्याशियों में से निर्दल विजयी प्रत्याशी राजकुमार एवं उपविजेता निर्दल कमल कुमार की जमानत बची है। यहां भी भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस समेत 10 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। चुर्क-घुरमा नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर सात प्रत्याशियों में से भाजपा की विजयी प्रत्याशी गीता देवी एवं उपविजेता सपा की विमला देवी की जमानत बची है। यहां भी बसपा, कांग्रेस समेत पांच प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। चोपन नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर छह प्रत्याशियों में निर्दल विजयी प्रत्याशी इम्तियाज अहमद एवं उपविजेता भाजपा के आनंद की जमानत बची है। यहां भी सपा, बसपा, कांग्रेस समेत चार प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। घोरावल नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 10 प्रत्याशियों में से विजयी निर्दल प्रत्याशी राजेश कुमार की जमानत बची है। यहां पर सपा, बसपा, भाजपा, कांग्रेस, आप समेत नौ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। यहीं हाल पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष पद का रहा। सात प्रत्याशियों में से विजयी निर्दल प्रत्याशी दिग्विजय प्रताप सिंह ही अपनी जमानत बचा पाए हैं। यहां भी भाजपा, बसपा, सपा समेत छह प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा पाए हैं। रेनुकूट नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर नौ प्रत्याशियों में से विजयी निर्दल प्रत्याशी शिव प्रताप सिंह, उपविजेता भाजपा के अनिल कुमार सिंह एवं सपा के राकेश प्रसाद ही अपनी जमानत बचा पाए हैं। यहां भी बसपा, कांग्रेस, आप समेत छह प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।