सोनभद्र। पुलिस टीम ने मंगलवार को चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा मोड़ के पास घेराबंदी कर ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा छह क्विंटल दस किलोग्राम गांजा बरामद किया। भारा मात्रा में गांजा 125 पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। इसकी कीमत 61 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अंतरजनपदीय चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन चुर्क में पत्रकारों को बताया कि मंगलवार की सुबह से सूचना मिली कि उड़ीसा से एक ट्रक में भारी मात्रा गांजा जिले से होकर प्रयागराज ले जाया जा रहा है। इसकी सूचना पर एएसपी ओपी सिंह और सिटी सीओ राजकुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में चोपन एसओ नवीन तिवारी, स्वाट टीम प्रभारी अमित त्रिपाठी, एसओजी इंचार्ज प्रदीप कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी सरोजमा सिंह तेलगुड़वा मोड़ पर पहुंच गए। पुलिस ने एक ट्रक और उसके आगे चल रही एक कार को रोका और पूछताछ की। कार सवार युवकों की निशानदेही पर ट्रक से करीब छह क्विंटल दस किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के पुरेगोबई गांव निवासी गांजा तस्कर अबरार, पकड़लौर भीटी निवासी दिनेश कुमार यादव, बनकट बरोत निवासी राधेश्याम यादव और वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाबतपुर निवासी अर्जुन सिंह पुत्र बाबूलाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक और कार को सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने भारी मात्रा में गांजा पकड़ने वाली पुलिस टीम को दस हजार पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस सफलता में उपनिरीक्षक अवधेश यादव, हेड कांस्टेबल जगदीश मौर्य, अरविंद सिंह, जितेंद्र पांडेय, विरेंद्र कुशवाहा, हरिकेश यादव, जितेंद्र यादव, रितेश पटेल, अमर सिंह, सौरभ राय, प्रकाश सिंह, दिलीप कुमार कश्यप, अमित कुमार सिंह, रामआसरे यादव, विवेक दूबे, प्रमोद यादव, अनूप सिंह का योगदान रहा।