सलखन। चोपन थाना अंतर्गत मारकुंडी घाटी में सोमवार की शाम बेकाबू टैंकर ने बाइक सवार दंपती और बच्चों को चपेट में ले लिया। बाइक पर दंपती और उनके बच्चों को मिलाकर कुल छह लोग सवार थे। हादसे में बालिका की मौत हो गई। दंपती समेत सात लोग घायल हुए। इसमें टैंकर के चालक-खलासी भी शामिल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओबरा के खैरटिया निवासी दंपती अपने तीन बच्चों के साथ रॉबर्ट्सगंज से घर जा रहे थे। मारकुंडी घाटी उतरते समय पीछे से आ रही बेकाबू टैंकर ने बाइक को चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार दंपती, तीन पुत्र और एक पुत्री अंशिका (7) घायल हुए। टैंकर भी पहाड़ी से टकरा गई। चालक-खलासी को चोट आई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने अंशिका को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक चोपन विजय कुमार चौरसिया और चौकी प्रभारी गुरमा सुरेश चंद्र द्विवेदी टैंकर को सड़क से हटाकर आवागमन सुचारू बनाने में जुटे रहे।