शक्तिनगर (सोनभद्र)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शक्तिनगर परिसर में प्रायोगिक परीक्षा के परिणाम को लेकर कुछ छात्र कॉलेज के प्राध्यापकों से भिड़ गए। नोक-झोंक के बीच धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस ने समझा बुझाकर कर मामला शांत कराया। घटना का वीडियो वायरल हुआ है। मामले में विद्यापीठ के कुलपति के निर्देश पर प्रबंधन आरोपी छात्र के निष्कासन और केस दर्ज करने की कार्रवाई में जुट गया है।
रेणुसागर क्षेत्र का रहने वाला एक छात्र विद्यापीठ के शक्तिनगर परिसर में बीएफए का छात्र है। पिछले दिनों हुई प्रायोगिक परीक्षा में छात्र का नंबर साथ में पड़ने वाली एक छात्रा से कम आ गया। छात्र को 80, जबकि छात्रा को 85 अंक मिले थे। इस पर छात्र ने प्राध्यापकों से आपत्ति जताई। आरोप है कि इस मुद्दे पर उसने कई प्राध्यापकों के साथ बदसलूकी की। इसके बाद बीएफए के कुछ छात्र पुराने छात्रों व बाहरी युवकों के साथ परिसर में पहुंच गए। प्राध्यापकों से हाथापाई करने लगे। घटना के वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक और धक्कामुक्की हो रही है। प्रो. मानिक चंद्र पांडेय ने बताया कि पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है। विद्यापीठ प्रशासन ने आरोपी छात्र के निष्कासन सहित अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके विरुद्ध केस भी दर्ज कराया जा रहा है।