लखनऊ को छह विकेट से हराकर रीवा पहुंची फाइनल में
25वीं अखिल भारतीय सुभाष स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो।
अनपरा। बीना परियोजना स्टेडियम में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय सुभाष स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को रीवा डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के ग्रुप ए के दूसरे मैच में रीवा डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन ने अभिषेक पाठक के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ को छह विकेट हराकर ग्रुप ए में टॉप कर फाइनल में अपनी जगह बनाई। मंगलवार को खेले गए मैच में लखनऊ टीम के कप्तान राहुल रावत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज शिव पांडे एवं प्रभनूर सिंह ने सधी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 12 ओवर में 66 रन जोड़े। 35वें ओवर में चार विकेट पर 171 रन के स्कोर के साथ लखनऊ की टीम एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने की दिशा में आगे बढ़ रही थी। लेकिन इसके बाद रीवा के अभिषेक पाठक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लखनऊ को एक के बाद एक चार झटके दिए और लखनऊ को निर्धारित 40 ओवर से पहले 174 रनों पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई। लखनऊ की टीम ने अपने आखिरी छह विकेट सिर्फ तीन रनों और 16 गेंदों के अंदर गंवाए। टीम की ओर से कप्तान एवं विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल रावत ने सर्वाधिक नाबाद 43 रन बनाए। 175 रनों के विजयी लक्ष्य का पीछा करने उतरी रीवा की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने शार्दुल ठाकुर के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया। लेकिन इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज अभिषेक पाठक और कप्तान वेदांत मिश्रा ने 16 ओवरों में 96 रनों की शानदार साझेदारी करते हुए अपनी टीम को जीत की राह पर ला दिया। रीवा की टीम ने अभिषेक पाठक के 79, वेदांत मिश्रा के 31 और मेहुल सिंह के 29 रनों की बदौलत 31वें ओवर में ही मात्र चार विकेट खोकर जीत का लक्ष्य आसानी से हासिल किया और फाइनल में पहुंचने वाली प्रतियोगिता की पहली टीम बनी। ग्रुप ए का अंतिम मैच बुधवार को क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ और कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला जाएगा। ग्रुप बी के तीनों मैच गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को खेले जाएंगे।