सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के दंडइत बाबा मंदिर परिसर में रविवार को पुरानी पेेंशन व्यवस्था को बहाल करने की मांग को लेकर संघर्ष समिति की ओर से बुद्धि शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगाया। कहा कि लोकसभा चुनाव के पूर्व पेंशन बहाल न की गई तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष योगेश कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार लोक सभा चुनाव के पूर्व कर्मियों की मांगों को पूर्ण करते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करें। अगर ऐसा नहीं किया गया तो पेंशन विहीन कर्मी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर इसका जवाब देंगे। शैलेश चतुर्वेदी, रविभूषण सिंह, शिवम अग्रवाल, जय प्रकाश राय ने कहा कि शासन पुरानी पेंशन बहाली नही करती है तो 18 जनवरी को लखनऊ में जेल भरो आन्दोल किया जाएगा और 21 जनवरी से जेल भरो पखवड़ा चलेगा। धीरेन्द्रपति त्रिपाठी, अशोक कुमार पटेल, शशांक चतुर्वेदी, अंकित, राजेश जायसवाल, सर्वेश गुप्ता, जितेंद्र चौबे, मानवेन्द्र सिंह, अभिषेक, राजेश द्विवेदी ने कहा कि सरकार कर्मियों के जायज मांगों को पूर्ण करने में हिलाहवाली कर रही है। इसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनार्दन, महेंद्र जायसवाल, ममता, संध्या, अनिता, पवन कुमार सिंह, ज्योति, सुनील सिंह, गोविन्द कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।