डाला। चोपन चेयरमैन इम्तियाज अहमद की हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को डाला कस्बे के शहीद स्थल के समीप कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया। हत्यारोपी खनन व्यवसायी राकेश जायसवाल और रवि जालान का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
पारस यादव ने कहा कि चेयरमैन की हत्या की साजिश रचने वाले अपराधियों की जगह जेल में ही होनी चाहिए। उन्होंने जल्द से जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। द्वारिका चंद्रवंशी ने कहा कि पूंजीपतियों ने गरीबों के लिए कार्य करने वाले इम्तियाज की हत्या करवा दी। वक्ताओं ने कहा कि हत्या की घटनाओं को अंजाम दिलाने वाले बाहरी व्यवसायियों का ओबरा डाला में प्रवेश बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई ऐसे अपराधियों का सहयोग करेगा तो उसको भी बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि प्रशासन अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का व्यवसाय निरस्त कर उनको जिले से बाहर करें। पप्पू सिंह, राजेश्वर प्रसाद, नन्हे मिश्रा, मुमताज, मकसूद, सर्वेश पटेल, राजकुमार, मिथिलेश भारद्वाज, शमशेर, लकी, अफताब, चंकी, नीरज सिंह, बबलू अग्रहरि, देवनाथ आदि मौजूद रहे।