सोनभद्र। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुसहर बस्ती के विकास संबंधी समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने जिले के चिह्नित सभी मुसहर बस्तियों के विकास के लिए 15 दिनों के अंदर एक्शन प्लान बनाकर प्रस्तुत करने का निर्देश विभागाध्यक्षों को दिया। कहा कि किसी भी हाल में उनके विकास व स्वरोजगार से जुड़े बिंदुओं को न छोड़ा जाय। मुसहर जाति के सभी पात्रों को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कराया जाय।
समीक्षा में डीएम ने कहा कि जिले की सभी मुसहर बस्ती के विकास के लिए नीति आयोग के पदाधिकारियों के साथ ही जिले के संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौके का मुआयना करके वास्तविक एक्शन प्लान करें। बस्ती के संपर्क मार्ग, लोगों को जन स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्राथमिक शिक्षा, बच्चों, किशोरियों व महिलाओं के पोषण की स्थिति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वरोजगार की स्थिति, प्रधानमंत्री आवास की स्थिति, शौचालय की स्थिति, शुद्ध पेयजल की स्थिति, सामाजिक पेंशन की स्थिति, पशु पालन की स्थिति, खेती, किसानी, बागवानी की स्थिति, सामुदायिक भवन के साथ ही मुसहर बस्ती के रहन-सहन व जीवन स्तर से जुड़े सभी पहलुओं का विधिवत अध्ययन करते हुए एक्शन प्लान तैयार किया जाए। बैठक में सीडीओ सुनील कुमार वर्मा, सीडीओ डॉ. एसपी सिंह, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, डीपीओ अजीत कुमार सिंह, नीति आयोग के सुहेल अंसारी, सभी बीडीओ समेत अन्य मौजूद रहे।