दुद्धी। दुद्धी ब्लाक क्षेत्र के कटौली ग्राम के प्रधान पद के लिए उपचुनाव को लेकर बुधवार को ब्लाक सभागार में नामांकन दाखिला के दिन 10 फर्मो की बिक्री हुई। इसमें प्रधान पद के लिए नौ उम्मीदवारों ने शाम चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किया है। राम औतार पुत्र लक्ष्मण ने सबसे पहले अपना नामांकन दाखिल किया।
इसके बाद मृतक प्रधान की पत्नी नीलम देवी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा महेंद्र सिंह, सुदिष्ट कुमार, देवता सिंह, राम विलास, रामप्यारे, सरिता देवी, फिरोज खां ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जबकि बोधाडीह ग्राम पंचायत सदस्य के एक पद के लिए केवल अरुण कुमार पुत्र सरजू ने ही अपना नामांकन दाखिल किया है। रन्नू गांव के एक ग्राम पंचायत सदस्य के एक पद के लिए राधा देवी ने पर्चा भरा। बोधाडीह और रन्नू गांव में एक-एक ग्राम पंचायत सदस्य का निर्वाचन करीब तय माना जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र के एक ग्राम प्रधान तथा दो ग्राम पंचायत के सदस्य पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया चल रही है। बुधवार को नामांकन के आखिरी दिन सदस्य पद पर एक- एक नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं जबकि कटौली ग्राम प्रधान पद के लिए नौ दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है। नौ अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच, 10 को नामांकन पत्रों की वापसी एवं वैध उम्मीदवारों की घोषणा और चुनाव चिन्ह आवंटन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को मतदान तथा 20 अगस्त को मतगणना होगी।