दुद्धी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को नगर में संचालित मांस-मछली की दुकानों का निरीक्षण किया। अनियमितता पाए जाने पर अधिकारियों ने दुकानदारों को फटकार लगाया। एक पखवाड़े के भीतर कमी दूर करने का निर्देश दिया। टीम ने दस दुकानदारों को नोटिस भी जारी किया है। बुधवार को करीब ढाई बजे दिन में दुद्धी-मल्देवा रोड स्थित मीट-मछली की दुकानों पर एसडीएम रामचंद्र के नेतृत्व में पुलिस फोर्स के साथ पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच शुरू की। दुकानों के दरवाजे पर पारदर्शी प्लास्टिक पर्दे लगे नहीं मिले। अंदर टाइल्स के साथ साफ-सफाई भी नहीं थी। जिला अभिजीत खाद्य अधिकारी मानिक चंद सिंह ने बताया कि इन दुकानों की जांच में लाइसेंस समेत सुरक्षा मानक की तमाम कमियां पाई गयी हैं, जिसमे 10 दुकानदारों को नोटिस जारी की गई है। सुधार के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई है। यदि इस अवधि में सुधार नही हुआ तो दुकानों का चालान कर, जुर्माना वसूला जाएगा। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार सोनकर, मयंक शंकर दुबे, राघवेंद्र उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक विनोद यादव मौजूद रहे।