जून की भीषण गर्मी में बिजली भी लोगों को रूला रही है। आए दिन हो रही तकनीकी खराबी से घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो रही। इससे लोग उमस भरी गर्मी में परेशान नजर आए। बुधवार की रात करीब 8.30 बजे अनपरा में आईसीटी ट्रिप करने से तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे जिले की आधा से ज्यादा आबादी प्रभावित हुई। मरम्मत के बाद रात करीब 11.30 बजे आपूर्ति बहाल हुई, तब लोगों को राहत हुई।
जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। दोपहर में कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी के समय में अक्सर बिजली की कटौती की जा रही है। आए दिन कहीं न कहीं तकनीकी खराबी का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। बुधवार की रात अपना में 132 केवीए लाइन की आईसीटी अचानक ट्रिप हो गई। इसे पिपरी परियोजना को बिजली आपूर्ति बंद हो गई। नतीजतन पिपरी से छपका सब स्टेशन को बिजली आपूर्ति ठप रही। फिर छपका सब स्टेशन से जुड़े अन्य सब स्टेशनों और फीडरों को बिजली नहीं मिल सकी। इससे लोग रात करीब 8.30 बजे से 11.30 बजे तक अंधेरे में रहे। पसही सब स्टेशन से जुड़े गांवों के अलावा नगवां ब्लॉक के गांवों, कोन क्षेत्र के गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि अनपरा परियोजना में आईसीटी में ट्रिपिंग के चलते तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप हुई। रात करीब 9.55 बजे लाइट लगाई गई, लेकिन वह फिर ट्रिप कर गई जिससे उसकी मरम्मत में तीन घंटे लग गए।