राबट्र्सगंज स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में रविवार को सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद की बैठक हुई। अध्यक्ष रास बिहारी ने की। कहा कि राज्य सरकार के पेंशन भोगियों एवं परिवारिक पेंशन का संशोधन आदेश शासन ने निर्गत कर दिया है लेकिन लेखाधिकारी कार्यालय इस पर कोई रुचि नहीं ले रहा है।
चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि शीघ्र शासनादेश के मुताबिक पेंशन का पुनरीक्षण नहीं किया तो संगठन एक मई को आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दूबे कहा कि पेंशनरों के फरवरी और मार्च के पेंशन में मनमानी कटौती की गई है। कटौती करते समय पेंशनरों को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। कैलाश देव का कहना था कि पारिवारिक पेंशन को लेकर भी लापरवाही बरती जा रही है। इससे पेंशनर परेशान हो रहे हैं। नवलकिशोर सिंह ने कहा कि 2012 में वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय से जो अभिलेख जिला कोषागार को भेजे गए, उसमें कई जगह कटिंग कर दी गई। जिला कोषाधिकारी ने इस कटिंग पर लेखाधिकारी को हस्ताक्षर करने के लिए दो बार पत्र भेजा लेकिन अब तक इस कटिंग पर हस्ताक्षर नहीं किया गया, इससे जब किसी पेंशनर का निधन होता है तो कोषागार से फाइल वित्त एवं लेखाधिकारी को भेजनी पड़ती है, जिससे परेशानी होती है। इस मौके पर द्वारिका प्रसाद, संकठा प्रसाद पांडेय, मुहम्मद पंकज, उमाकांत पांडेय, कृष्णमुरारी लाल, सुशील वर्मा, गुलाब मिश्र, नर्मदा प्रसाद मिश्र, प्रभुदयाल, सोना प्रसाद, बनवारी लाल, रामचंद्र चौबे आदि मौजूद रहे।