नक्सल प्रभावित नगवां ब्लाक के ग्राम पंचायत कम्हरिया के टोला भैरामपुर के ग्रामीणों ने सोमवार को मार्ग जाम कर जल निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि टैंकर से सिर्फ एक बार पानी की सप्लाई की जा रही है, जो नाकाफी है।
नाराज ग्रामीणों का कहना था कि भैरामपुर टोले में जल निगम द्वारा पानी की सप्लाई 24 घंटे में महज एक बार मिल रही है जबकि शासन ने दिन भर में तीन बार पानी सप्लाई का नियम बनाया है। ग्रामीणों ने जल निगम के अधिकारियों पर पानी बेचने का आरोप लगाया। कहा कि जल निगम की गर्मी में पानी की कम सप्लाई से लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नगवृां ब्लाक के कई ग्राम पंचायतों में जल निगम द्वारा टैंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है, जो मनमाने तरीके से हो रही है। नक्सल क्षेत्र होने के कारण अधिकारी इस ब्लाक के ग्राम पंचायतों में जांच के लिए नहीं आते । जिसकी वजह से जल निगम के ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। इस मौके पर रामकुंवर, सुधा, रजा, चमेली, साधू, विजय, सुमन, कमली, रीना, रामवती, मुनिया, बसंतु, जोशी सुभाष, रामजनम, जिऊत, बबली व कमली मौजूद रहीं।
ग्राम पंचायत भगेलपुर की शांति व गीता ने बताया कि जल निगम दिन भर में महज एक बार पानी की सप्लाई कर रहा है। ग्राम पंचायत भैरामपुर की अनीता, दुलरी व लखपतिया ने भी यही बात बताई। सियरिया, कोदई, गोगा, नगवां, गंगवा खजुरहा, पथरकुआं, दुलारी, लोढ़ा आदि गावों में टैंकर से पानी की सप्लाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि एक हफ्ते से कागज पर फर्जी तरीके से कोरम पूरा किया जा रहा है ।
कोट
24 घंटे में एक टैंकर पानी की सप्लाई की जा रही है तो जांच कर उसके भुगतान को रोक दिया जायेगा। बीते वर्ष भी ठेकेदार की मनमानी की शिकायत मिली थी। पानी की सप्लाई न कर भुगतान करा लेने का मामला सामने आया था।
हरिशंकर देव पांडे
खंड विकास अधिकारी, नगवां ब्लॉक