विंढमगंज। दुद्धी ब्लॉक के धूमा गांव में आदर्श नव युवक कमेटी की ओर से गुरुवार की रात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें वाराणसी और सासाराम बिहार से आये कलाकारों ने एक से एक भक्ति गीत सुनाकर, नृत्य प्रस्तुत कर लोगों की वाहवाही लूटी। कलाकारों ने राधा कृष्ण के होली खेलने का मंचन कर पूरा माहौल भक्तिमय कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि दिनेश यादव और श्याम बिहारी यादव ने फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सासाराम की स्वाती पांडेय और वाराणसी के ज्योति माही की टीम ने रात भर भक्ति गीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुति की। सासाराम बिहार की स्वाती पांडे ने बाबा भोले के बारात पर भक्तिमई भाव गीत और नृत्य प्रस्तुत किया। पंडाल में मौजूद दर्शकों ने जमकर भोले बाबा के जयकारे लगाए। बनारस से आए कलाकार ज्योति माही की टीम के राधा कृष्ण के सजीव मंचन से लोग भाव विभोर हो गये।
कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण और राधिका के बीच खेली गई होली का मंचन किया। इस पर लोगों ने श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। श्मशान घाट पर भगवान शंकर के होली मिलन का भी कलाकारों ने मंचन किया। कार्यक्रम में आदर्श नव युवक कमेटी के अध्यक्ष जवाहिर अगरिया, संरक्षक राम प्रसाद यादव, मुन्नालाल गौतम, शिव कुमार यादव, कृष्ण कुमार, राधा मोहन, रामानंद गौड़, सखी चंद पाल, सुरेंद्र भारती, नंदू यादव, उमेश गुप्ता समेत तमाम लोग मौजूद रहे।