सोनभद्र (घोरावल)। कोतवाली क्षेत्र के दीवा गांव में रविवार की रात अनियंत्रित होकर एक बाइक बेलन नदी में गिर पड़ी। हादसे मेें बाइक सवार जीजा साले समेत तीन युवक घायल हो गए। संयोग रहा कि नदी में पानी नहीं था। सीएचसी घोरावल में प्राथमिक उपचार करने के बाद तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ओरगाईं निवासी गुड्डू (28) की सोतिल गांव में ससुराल है। सोतिल गांव से रविवार की देर शाम गुड्डू अपने सगे साला विनोद (25) और और चचेरे साले राजेश (22) बाइक से बैठाकर घोरावल बाजार पहुंचा। यहां से रात करीब पौने नौ बजे बाइक पर सवार होकर तीनों वापस सोतिल जाने लगे। रास्ते में दिवा गांव में बेलन नदी पर बने पुल पर अनियंत्रित होकर बाइक पुल के किनारे लगे रेलिंग से टकरा गई। तीनों युवक 50 फीट गहरी सूखी नदी में गिरकर घायल हो गए। वहीं बाइक रेलिंग से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक के टकराने की आवाज इतनी तेज थी कि उसे सुनकर आसपास के रहने वाले ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों की मदद करने में जुट गए। घटना की सूचना मिलने पर सौ नंबर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाकर भर्ती कराया। डॉक्टर ने तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया, यहां से भी उनको बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया गया।