सोनभद्र। विधान सभा निर्वाचन की मतदाता सूची में संशोधन, वोटरों का नाम बढ़ाने के साथ ही अन्य त्रुटियों को दुरुस्त करने के लिए जिले के मतदेय स्थलों पर रविवार को बीएलओ के जरिए विशेष अभियान चलाया गया। सदर एसडीएम विशाल यादव, डिप्टी कलेक्टर अशोक यादव ने बूथों का भ्रमण कर बीएलओ के क्रियाकलापों की जांच की। ड्यूटी से नदारद कई बीएलओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में विधान सभा निर्वाचन की मतदाता सूची में संशोधन, पात्रों का नाम बढ़ाने और अपात्रों का हटाने के लिए फार्म भरने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रविवार को उपजिलाधिकारी विशाल यादव ने प्राथमिक विद्यालय जिगना बूथ का निरीक्षण कर बीएलओ से कितने लोगों का नाम बढ़ा, कितने का काटने के लिए फार्म भरा गया समेत अन्य जानकारियां ली। उन्होंने बीएलओ को चेतावनी देते हुए कहा कि पात्रों का किसी सूरत में वोटरलिस्ट से नाम गायब नहीं होना चाहिए। उधर डिप्टी कलेक्टर अशोक यादव ने प्राथमिक विद्यालय सलखन, कुरुहुल, रेलवे इंटर कालेज चोपन, केंद्रीय विद्यालय चोपन, जय ज्योति इंटर कालेज गुर्मा में बने बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ से जानकारी लिया। एसडीएम ने बताया कि जय ज्योति इंटर कालेज बूथों पर तैनात बीएलओ दोपहर दो बजे ही चले गए थे। जबकि बूथों पर बीएलओ को सांय चार बजे तक उपस्थित रहने का निर्देश है। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से लापता रहने वाले दोनों बीएलओ के खिलाफ अनुशासनात्क कार्रवाई की जाएगी।