सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस प्रशासन व जिले से सटे बिहार, झारखंड, एमपी और छत्तीसगढ़ बार्डर पर सीआरपीएफ सतर्क है। सोमवार को एसपी, एएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने जंगलों में कांबिंग की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की।
दोपहर बाद एमपी बार्डर से जुगैल जंगल में फोर्स के साथ पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने कांबिंग की। एसपी ने जंगलों में रहने वालों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगर संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देते हैं तो वे तत्काल थाने को सूचना दें, ताकि उन्हें पकड़ा जा सके। कहा कि सूचना देने वालों का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। एसपी ने बार्डर पर तैनात फोर्स को नक्सलियों एवं अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कहा कि अपराधियों को पनाह देने वालों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाय। इस दौरान एसपी को ग्रामीणों ने क्षेत्र की बिजली, पानी, सड़क आदि की समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की। एसपी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं का हल कराने का आश्वासन दिया। उधर विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के कोरची, अमवार जंगल में नक्सल एएसपी डॉ. अवधेश सिंह ने सघन कांबिंग किया। एसपी ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में नक्सलियों की सक्रियता को देखते हुए बार्डरों को सील करा दिया गया है। जंगली इलाकों में मुखबिर भी सक्रिय कर दिए गए है।