सोनभद्र। कोतवाली के उत्तर मोहल में एक निर्माणाधीन होटल में मार्बल के टुकड़ों में दबकर दो मजदूरों की मौत को लेकर मंगलवार को परिवार के लोगों ने मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। परिवार के लोगों ने शव ले जाने से इंकार कर दिया। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
राबर्ट्सगंज के अरिहंत होटल में सोमवार को संगमरमर के पत्थर के टुकड़ों में दबकर रमाशंकर सोनी (35) और पकौड़ी (45) की मौत हो गई थी। पुलिस ने रमाशंकर के पिता की तहरीर पर विजय जैन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मंगलवार की दोपहर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोगों ने शव ले जाने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक प्रशासनिक अधिकारी आश्रितों को मुआवजा की राशि नहीं देंगे तक शवों को नहीं ले जाएंगे। सूचना के बाद कोतवाल राजीव मिश्रा, कस्बा चौकी इंचार्ज अवधेश यादव मौके पर पहुंचे। नाराज लोगों से वार्ता कर उनको आश्वसत किया कि जल्द से जल्द मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। लगभग एक घंटे बाद लोग शवों को लेकर अपने घर के लिए रवाना हुए। क्षेत्राधिकारी धनंजय सिंह कुशवाहा ने कहा कि कुछ लोग मुआवजा मिलने पर शवों को ले जाने की बात कह रहे थे। हालांकि समझाने-बुझाने पर शवों को लेकर चले गए।