घोरावल। घोरावल वन क्षेत्र के अंतर्गत शिवद्वार ग्राम पंचायत के मरगटवा गांव में सोमवार को आवासीय बस्ती में मगरमच्छ घुस गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत से मगरमच्छ को पकड़ा। उसकी लंबाई करीब पांच फीट रही। मुक्खा फाल के कुंड में उसे सुरक्षित छोड़ दिया गया।
मरगटवा गांव में सुभाष के घर के बाहर सुबह 10 बजे ग्रामीण 5 फीट लंबे मगरमच्छ देखकर सहम गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार के निर्देश पर वन्य जीव रक्षक अभिलाष कुमार वर्मा, ओमप्रकाश विश्वकर्मा व राकेश की टीम मौके पर पहुंची।
रस्सी व बांस के सहारे करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़ा और मुक्खा फाल कुंड में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बेलन नदी, बकहर नदी और तालाबों के आसपास के इलाकों में मगरमच्छ मिलने का खतरा अधिक होता है। उन्होंने अपील की है कि इन इलाकों में खेतों व झाड़ियों के पास सावधानी पूर्वक आवागमन करें।