पुलिस ने रविवार की शाम वाहन चेकिंग के दौरान बभनी-छत्तीसगढ़ मार्ग पर चैनपुर तिराहे के पास डाक पार्सल लिखी टाटा-407 गाड़ी से 5.47 क्विंटल गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गांजा उड़ीसा से मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में ले जाया जा रहा था। आरोपियों का सोमवार को एनडीपीएस एक्ट में चालान कर दिया गया।
एसपी के निर्देश पर सीओ लक्ष्मण राय के नेतृत्व में बभनी एसओ अशोक सिंह यादव पुलिस बल के साथ रविवार की शाम छह बजे चैनपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी बीच टाटा-407 गाड़ी से गांजा ले जाने की सूचना मिली। एसओ ने पुलिस बल के साथ छत्तीसगढ़ की ओर से आ रहे वाहन को रोका। इसके बाद तत्काल पार्सल में लगा ताला खुलवाया तो गांजा मिला।
इसके बाद वाहन और तस्करों को लेकर वह बभनी थाने आ गए। तस्करों ने अपना नाम बिहार के छपरा जिले के परसा थानांतर्गत तिसरा नरायनपुर निवासी नंदलाल महतो और अमनउर थाना क्षेत्र के सुनहु गांव निवासी गजाधर राय बताया।
वाहन से 18 बोरियों में 5.47 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। एसओ ने बताया कि ये लोग उड़ीसा से मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गांजा ले जा रहे थे। आरोपियों का सोमवार को एनडीपीएस एक्ट में चालान कर दिया गया।