नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ संभाग की क्षेत्र स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर सोनभद्र में हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत इंडियन और रिकर्व दोनों वर्गों में बालक एवं बालिकाओं को मिलाकर कुल 24-24 विद्यार्थियों का चयन किया गया। वह सितंबर माह में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में सोनभद्र का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा।
48 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में से 32 विद्यार्थी केवल पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय सोनभद्र से चयनित हुए। बालिका वर्ग के रिकर्व राउंड में सरस्वती और इंडियन राउंड में कुमारी नैंसी गुप्ता ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं बालक वर्ग के रिकर्व राउंड में विहान यादव और इंडियन राउंड में अखिलेश यादव अव्वल रहे।
ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब भी सोनभद्र को मिला। समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य अंशुमान सिंह मुख्य अतिथि और जिला तीरंदाजी संघ सोनभद्र के सचिव बलराम कृष्ण यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बलराम कृष्ण यादव ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी और आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मेहनत और समर्पण से तैयारी करने काे प्रेरित किया। प्रधानाचार्य अंशुमान सिंह ने सभी खेल प्रशिक्षकों से पूरी निष्ठा के साथ अभ्यास कराने का आग्रह किया।
वरिष्ठ शिक्षक डॉ. संदीप शुक्ला ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन पीजीटी इतिहास अमरेश कुमार ने किया, जबकि पुरस्कार वितरण का संचालन खेल शिक्षक संजय कुमार और खेल शिक्षिका सुरभि यादव ने किया। समारोह में नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ संभाग से नामित शिक्षक संजय कुमार, बीके सिंह, मनीष कुमार, संतोष गुप्ता आदि रहे।