खलियारी। नगवां विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नगवां में शनिवार को शिविर लगाकर क्षेत्र 44 आदिवासी वनवासियों को वनाधिकार के तहत वन भूमि पर पट्टा मिला। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड और सदर विधायक भूपेश चौबे ने संयुक्त रूप से आदिवासियों में पट्टा वितरित किया। वन भूमि पर वर्षों से काबिज गरीब आदिवासी और वनवासियों को जब वन भूमि के पट्टा का कागज मिला तो उनके पर मुस्कान छा गई।
राज्यमंत्री ने कहा कि जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में निवास कर रहे आदिवासियों के बेहतर जीवन यापन के लिए सरकार चिंतित है। वन भूमि पर वर्षों से काबिज आदिवासी वनवासियों के नाम पट्टा कर भौमिक अधिकार दे रही है, ताकि आप सभी की आय बढे़ और बच्चे पढ़ लिखकर आगे बढ़ें। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना और निस्तारण के लिए संबंधित बीडीओ व विभिन्न विभाग के अधिकारियों को निर्देशित भी किया।
कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार से जो भी जन कल्याणकारी योजनाएं ग्रामीणजनों के हित के लिए चलाई जा रही है, उससे सभी पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने की कार्रवाई संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें। उपस्थित ग्रामीणों ने नगवां में इंटर काॅलेज खोलने व खराब रास्ते को बनवाने की मांग राज्यमंत्री से की। इस दौरान ब्लाॅक प्रमुख आलोक सिंह, देवनारायण खरवार, बीएसए नवीन पाठक, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, बीडीओ उत्कर्ष सक्सेना, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, एसडीओ वन विभाग आशीष मिश्र, सीओ सदर, बुन्दे खरवार प्रधान नगवां, युशूफ अली प्रधान चड़गड़ा, अमृत लाल प्रधान मड़पा आदि उपस्थित रहे।