सोनभद्र। जिले मे रोस्टर के अनुसार ही दुकानें खुलेंगी। निगरानी के लिए एसपी आशीष श्रीवास्तव ने 44 पुलिस टीमों का गठन किया है। रोस्टर के विपरीत खुलने वाली दुकानों को सील करते हुए संबंधित दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी टीमों के कार्यों की मानिटरिंग करेंगे।
बतादें कि लॉक डाउन के तीसरे चरण में डीएम एस. राजलिंगम ने शर्र्तो के अनुसार दुकानों को खोलने की अनुमति चार मई को दे दी है। एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने कौन सी दुकानें प्रतिदिन और कौन-कौन सी दुकानें किस-किस दिन कब से कब तक खुलेंगी इसके लिए रोस्टर जारी कर दिया है। प्रशासन ने दुकानदारों को सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए कारोबार करने आदेश दिया है। इसमें लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यापारियों से रोस्टर के अनुसार दुकानों की खोलने की अपील कर रहे हैं। जिले के 22 थाना क्षेत्रों में दो-दो टीमें दुकानों के संचालन पर नजर रखने के लिए बनाई गई हैैैै। रोस्टर के विपरित दुकानों को खोलने वालों की खैर नहीं होगी। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि मातहतों को रोस्टर के अनुसार दुकानों को संचालित कराने के लिए निर्देशित किया गया है। दुकानदारों और आम लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का हरहाल में पालन करने की अपील की जा रही है। लॉकडाउन का उलंघन करने वालों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।