सोनभद्र। जिले के 50 लाख की लागत से अधिक के कराए जा रहे विकास कार्यों की जांच एवं प्रगति की समीक्षा शुरू कर दी गई है। इसके लिए डीएम अमित कुमार सिंह ने तीनों तहसील के एसडीएम की अगुवाई में टीमें गठित कर दी है। टीम में एसडीएम के साथ ही जिस विभाग का कार्य है उस विभाग का विभागाध्यक्ष एवं निर्माण इकाई के एक्सईएन को शामिल किया गया है। टीमें भवन, अस्पताल, स्कूल समेत अन्य कार्यों की जांच कर रिपोर्ट देगी।
जानकारी के अनुसार राबर्ट्सगंज, दुद्धी और घोरावल तहसील क्षेत्र में वर्तमान में सड़क कार्य को छोड़कर 65 ऐसे कार्य चल रहे हैं जिसकी निर्माण लागत 50 लाख से अधिक है। इनमें सबसे अधिक शिक्षा विभाग का कार्य शामिल है। शिक्षा विभाग के 23 भवन, स्वास्थ्य विभाग के 21 भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है। डूडा से तीन, दिव्यांगजन कल्याण विभाग से एक, समाज कल्याण से एक, व्यावसायिक शिक्षा विभाग से दो, उद्यान विभाग से दो, जल निगम विभाग से चार, लोक निमाज्ण विभाग से चार, कृषि विभाग का एक व अन्य विभागों से चार काम चल रहा है। जिले में संचालित सभी 65 कार्य करीब 55 करोड़ से होने हैं। इन कार्यों को पूर्ण कराने के लिए करीब 40 करोड़ रुपये आवंटित भी कर दिया गया है। संबंधित विभागों द्वारा जनवरी तक 36 करोड़ रुपये खर्च भी किया जा चुका है, जो आवंटित धन का करीब 94 प्रतिशत है। उधर मिर्जापुर मंडल के कमिश्रर जिले में 50 लाख की लागत से चल रहे 65 कार्यों की समीक्षा बुधवार को कर सकते हैं। डीएम एके सिंह ने संबंधितों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तायुक्त कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया है। जांच में गडबड़ी मिलने पर संबंधित विभागाध्यक्षों के खिलाफ कार्यवाही होगी।