बभनी। स्थानीय सब स्टेशन से सैकड़ों गांव मे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। लेकिन पिछले एक माह से उपभोक्ताओं को महज चार से पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। जिसके चलते उपभोक्ताओं में असंतोष है। इससे क्षुब्ध उपभोक्ताओं ने मंगलवार को विद्युत विभाग के खिलाफ बभनी मोड़ पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। सरकार की मंशा के अनुरूप आपूर्ति किये जाने की मांग की।
बभनी सब स्टेशन से रोस्टर के हिसाब से आपूर्ति न मिलने से क्षेत्र के लोग नाराज हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नधिरा सब स्टेशन से आपूर्ति बाधित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों को कम से कम 18 घंटे बिजली की आपूर्ति की जाए, लेकिन विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते शासन की मंशा पर पानी फिर रहा है। उपभोक्ता सुरेश चंद्र पांडेय, खादिम हुसैन, उमेश चंद्र पांडेय, पवन दुबे, विनोद, शैलेश दुबे, कृष्ण कुमार जैन, सुरेश कुशवाहा, मोहन, चंद्रमा ने कहा कि जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार क्षेत्र की बिजली समस्या की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। अक्सर क्षेत्र में जर्जर विद्युत तार आंधी में टूटकर गिर जाते हैं। मानक के अनुसार कार्य न होने से खंभे धराशायी हो जाते हैं। दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं लेकिन विभागीय अधिकारी मौन साधे हुए हैं। परेशानी उपभोक्ताओं को भुगतनी पड़ रही है। भीषण गर्मी में लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।