आसनडीह। बभनी ब्लॉक के बिछियारी गांव में जलनिधि से बनी पानी की टंकी को आधा-अधूरा छोड़े जाने से ग्रामीणों में असंतोष है। गांव में पानी के संकट से क्षुब्ध ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिम्मेदारों के खिलाफ जांच कराकर टंकी को चालू कराने की मांग की।
ग्रामीण भीम सिंह, नंदलाल सिंह, रामदेव ने प्रधानपति पर जलनिधि योजना से खरीदे गये जेनरेटर को गायब करने का आरोप लगाया। कहा कि जनरेटर का कुछ दिन तक व्यवसायिक उपयोग किया गया। फिर उसे कहीं बेच दिया गया। इसकी शिकायत कई बार उच्चाधिकारियों से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि अधूरी पड़ी पानी की टंकी का निर्माण जलनिधि योजना से लाखों रुपये की लागत से 2009-10 में कराया गया था। वह अब तक अधूरा है। हजारों रुपये मजदूरी भी बकाया है। ग्रामीणों ने डीएम से जांच कराकर पानी टंकी चालू कराने की मांग की है। प्रदर्शन में कलंदर, रामसूरत, रामजीत, सूरत, भीम सिंह, शिव प्रसाद, शिवचरन, नंद कुमार, देवलाल, भैयाराम, रामपाल, राजेंद्र शामिल रहे।