सोनभद्र। जिले में हो रही बेतहाशा विद्युत कटौती बंद कराने, बांस-बल्ली पर लटकते तारों को दुरुस्त कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विद्युत वितरण खंड कार्यालय राबर्ट्सगंज पर प्रदर्शन किया। यहां विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। सपा के जिला सचिव प्रमोद कुमार यादव, नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा कि जिले के विभिन्न इलाकों में बेतहाशा विद्युत कटौती की जा रही है। दुद्धी के महुली, जोरूखाड़, पोलवा, डूमरा, हीराचक, पतररिहा आदि गांवों में अघोषित बिजली कटौती हो रही है। इससे पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। यदि विद्युत आपूर्ति ठीक नहीं हुई तो जनता के साथ कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे। जितेंद्र यादव, जुनैद अंसारी ने कहा कि कई जगहों पर बिजली के तार बांस-बल्ली के सहारे लटके हुए हैं। बिजली विभाग को यह दिखाई नहीं दे रहा। प्रदर्शन के दौरान मुन्ना कुशवाहा, इरशाद, सुरेश अग्रहरि, गोपाल मौर्य, रमेश यादव, जुनैद अंसारी, मंगरू पटेल, सैफ अहमद, शकील अहमद, सुरेंद्र केशरी मौजूद रहे।