स्कूल चलो अभियान के तहत न्याय पंचायत कचनरवा में सोमवार को रैली निकाली गई। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता व मंडल अध्यक्ष शंशाक शेखर मिश्रा ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में न्याय पंचायत कचनरवा के परसाजरी, बागेसोती, करईल, पिपरखाड़, कुड़वा व मिशन के स्कूल के बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने बुलंद आवाज में आधी रोटी खायेंगे फिर भी स्कूल पढने जाएंगे के नारे लगाए। रैली कचनरवा बाजार होते हुए बागेसोती सड़क से निकल कर पुन: स्कूल में पहुंच कर सभा में तब्दील हो गयी। जहां अतिथियों का स्वागत किया गया। बच्चों ने सर्व शिक्षा अभियान पर लघु नाटक का प्रदर्शन भी किया। खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांत राम सरोज ने कहा कि अब किसी गरीब का बच्चा अपने क्षेत्र के निजी विद्यालय में भी पढना चाहता है तो हर स्कूल पर सभी निजी विद्यालय का आवेदन मौजूद है। वह फार्म को भर कर जमा कर दें। संबंधित विद्यालय में बच्चे का नि:शुल्क नामांकन कराया जाएगा। इस मौके पर श्रवण कुमार, शैलेष कुमार मिथिलेश, सोहराब खां, शिवनरायन गुप्ता, मनीष त्रिपाठी, शिव विश्वकर्मा, रामेश्वर, राकेश राय, भरत यादव मौजूद रहे।