सोनभद्र। जिले में बेधड़क बिक रहे चाइनीज मंझे पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर बुधवार को राबर्ट्सगंज नगर में युुवाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जानलेवा चाइनीज मंझे की बिक्री पर अविलंब रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में वृहद आंदोलन किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी।
अधिवक्ता अनिल चौबे ने कहा कि कोर्ट के रोक के बावजूद चाइनीज मंझे की बिक्री हो रही है। चाइनीज मंझे में फंसकर अक्सर बाइक और साइकल सवार घायल हो रहे है। कभी चाइनीज मंझे से बड़ी घटनाएं भी हो सकती है। कहा कि राबट्र्सगंज, ओबरा, चोपन, घोरावल, शाहगंज, मधुपुर, रामगढ़, दुद्धी, रेणुकूट, बभनी समेत अन्य कस्बों और ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर चाइनीज मंझे को बेचा जा रहा है। डीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों को चाइनीज मंझों केे कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर मंझों को जब्त करने का निर्देश दिया है। बावजूद इसके किसकी शह पर चाइनीज मंझे बेचे जा रहे है इसकी भी जांच कर कार्रवाई की जाए। आशीष और देवेंद्र ने कहा कि पतंग उड़ाने के शाकीन लोग चाइनीज मंझे को ही पसंद करते है, क्योंकि चाइनीज मंझा जल्दी टूटता नहीं है। अगर चाइनीज मंझे बाइक सवार और साइकल सवार के गले में फंसे तो गला कट जाएगा और मौत हो जाएगी। जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन चाइनीज मंझे की बिक्री पर रोक लगाए। अंबूज यादव, सोनू चौबे, विजय पांडेय, कन्हैया, समीर खां, महेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।