सोनभद्र। प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त अभी तक 9055 लाभार्थियों को जारी नहीं की गई है। इससे आवास का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। लाभार्थी दूसरी किश्त के लिए बीडीओ समेत अन्य अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। हालांकि मामला संज्ञान में आने परियोजना निदेशक एनएन मिश्रा ने सभी खंड विकास अधिकारी को आवास की दूसरी किश्त जारी कराने की कार्रवाई करने के लिए पत्र व्यवहार कर रहे हैं। ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण हो सकेें।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2017-18 में राबट्र्सगंज, घोरावल, चतरा, नगवां, चोपन, पिपरी, बभनी और दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र में 9984 लाभार्थियों का चयन किया गया है। लेकिन अभी तक 9437 लाभार्थियों के खाते में ही पहली किश्त 44-44 हजार रुपये भेजी गई है। हालांकि किन्ही कारणवश अभी तक 547 लाभार्थियों के खाते में फूटी कौड़ी भी नहीं पहुंची है। अधिकांश लाभार्थियों ने पहली किश्त मिले धन से कुर्सी केे ऊपर तक काम पूर्ण करा चुके हैं। बावजूद इसके सिर्फ 359 लोगों के ही खाते में दूसरी किश्त 76-76 हजार रुपये भेजी गई है। जबकि लाभार्थी दूसरी किश्त लेने के लिए ब्लॉकस्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों के यहां चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। धन न होने के कारण पीएम आवास का कार्य ठप है। इस संबंध में डीआरडीए के परियोजना निदेशक एनएन मिश्रा ने कहा कि हजारों लाभार्थी पहली किश्त से जितना निर्माण कार्य कराना चाहिए उतना करा चुके हैं। सभी बीडीओ को लाभार्थियों को दूसरी किश्त जारी कराने की कार्रवाई करने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। प्रत्येक लाभार्थी को आवास बनाने के लिए एक लाख 30 हजार मिलता है। जिसमें प्रथम किश्त 44 हजार, दूसरी किश्त में 76 हजार और तीसरी किश्त के रुप में दस हजार रुपये सीधे उनके खाते में भेजा जाता है।