सोनभद्र (घोरावल/शिवद्वार)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से दंपती समेत सात लोग झुलस गए। इसमें एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। सभी को घोरावल सीएचसी ले जाया गया, हालत गंभीर होने पर पीपरवार गांव की शिक्षामित्र सविता देवी(35), रामविलाश (38) एवं बिसुंधरी के बृजेश (18) को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पहली घटना घोरावल कोतवाली क्षेत्र के विसुंधरी गांव की है। बृजेश (18) पुत्र पूसी बुधवार को दोपहर में करीब दो बजे घर का खपरैल छा रहा था। उसी समय अचानक बिजली गिरने से चपेट में आ गया। उसे घोरावल सीएचसी में ले जाकर भर्ती कराया गया। दूसरी घटना पीपरवार गांव की है। दोपहर में करीब दो बजे बिजली गिरने से एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए। इसमें शिक्षा मित्र सविता देवी(35) पत्नी रामविलाश, रामविलाश(38) और तीन बच्चे आंचल (10), ज्योति (7) एवं किशन (6) बेहोश हो गए। सविता और रामविलास झुलस भी गए। वहीं तीसरी घटना सिरसाई गांव की है। केवटा गांव निवासी नरेश यादव (48) पुत्र शिवलाल दिन में करीब दो बजे अपनी भैसों को सिरसाई गांव की नहर के पास चरा रहा था उसी दौरान बिजली की चपेट में आ गया।