रेणुकूट। पिपरी स्थित रिहंद बांध में लगातार तेजी से बढ़ रहे जल स्तर ने पिछले वर्ष का रिकार्ड तोड़ दिया है और इस बार करीब सात फीट पानी अभी ही बढ़ गया है। इससे आगे होने वाली बारिश से बांध के जल्द भर जाने की आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार को रिहंद का जल स्तर 847.5 फीट पहुंच गया है जबकि आज ही के दिन पिछले वर्ष 840.5 रिकॉर्ड किया गया था जो इस वर्ष सात फीट ज्यादा है। रिहंद की अधिकतम जल ग्रहण की क्षमता 880 फीट है लेकिन बांध की जर्जरता को देखते हुए 870 फीट क्षमता कर दिया गया है। जिस तरह से बारिश हो रही है, उससे आशंका जाहिर की जा रही है कि रिहंद बांध जल्द भर जाएगा। गौरतलब है कि रिहंद बांध के गोविंद बल्लभ पंत सागर के जल से ही करीब 22000 मेगावाट थर्मल प्लांट की थर्मल कूलिंग का कार्य पूरे वर्ष किया जाता है। रिहंद बांध के जल विद्युत निगम के उपमहाप्रबंधक शैलेश सिंह ने बताया कि रिहंद बांध में स्थित 50 मेगावाट के छह टरबाइन के जरिए 200 मेगावाट विद्युत उत्पादन किया जा रहा है। साथ ही ओबरा से 55 मेगावाट पनबिजली उत्पादित हो रहा है।