सोनभद्र। राबर्ट्सगंज समेत अन्य शहरों में भीड़-भाड़ इलाकों में होटल रेस्टोरेंट जैसे प्रतिष्ठानों के सामने सड़क पर ही पार्किंग बना दी गई है। सड़क पर वाहनों के खड़े होने से आए दिन लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। दिनों दिन जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन मौन धारण किया हुआ है। इससे लोगों मेें नाराजगी है।
राबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौक, रामलीला मैदान, मेन चौक, धर्मशाला चौक, रेलवे क्रासिंग समेत अन्य स्थानों पर मैजिक, आटो समेत अन्य सवारी वाहनों को खड़ा किया जा रहा है। इनके अलावा सिविल लाइंस रोड, पिपरी रोड, चंडी तिराहे, मेन चौक के समीप होटलों एवं दूकानों के सामने लोग अपने दो और चार पहिया वाहनों को खड़ा कर देते है। इससेे अक्सर जाम की नौबत उत्पन्न होती है। जबकि पूर्व में एसपी की ओर से नामित सीओ, सहायक परिवहन अधिकारी और प्रभारी निरीक्षक ने बस मालिकों, मैजिक व आटो संचालकों की मीटिंग की थी। अधिकारियों ने राबर्ट्सगंज रेलवे फाटक से करीब एक किमी दूरी नई बाजार जाने वाले मार्ग पर स्थित तालाब के समीप मैजिक व आटो संचालकों को स्टैंड बनाने का निर्देश दिया था। इसी तरह से घोरावल मार्ग पर चले वाले आटो-मैजिक को कम्हारी में व्हाइट हाऊस के पास, मारकुंडी मार्ग के वाहनों नवीन सब्जी मंडी के समीप और केकराही, मधुुपुर की ओर चलेद वाले वाहनों का स्टैंड पकरी के समीप बनाने का निर्देश दिया था। लेकिन अधिकारियों के आदेशों को दरकिनार कर वाहन संचालित हो रहे है। इसी तरह से चोपन, ओबरा, डाला, शाहगंज, रामगढ़, वैनी, घोरावल, दुद्धी, कोन समेत अन्य कस्बों में भी वाहन स्टैंड न होने से शाम के वक्त लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने कहा कि सभी सीओ और थाना प्रभारियों को निर्धारित स्थानों पर खड़े न होने वाले वाहनों को सीज करने का निर्देश दिया गया है।