सोनभद्र। जिले में डायरिया के मरीजों की संख्या फिर बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में पिछले 24 घंटे में बृहस्पतिवार की सुबह तक डायरिया के 40 मरीज भर्ती हुए। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांवों में कैंप करके दवा वितरित करा रही है। इसके साथ ही लोगों को खान-पान पर विशेष ध्यान देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिले में स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता का अभाव और दूषित जल के सेवन से जिले में डायरिया कें मरीजों की संख्या फिर बढ़ने लगी है। जिले के सीएचसी-पीएचसी से लेकर निजी अस्पतालों में डायरिया के मरीजों की भरमार है। मुहल्लों में क्लीनिक में भी मरीज बढ़ रहे हैं। इस बीच सदर विकास खंड के मुठेर गांव में डायरिया का प्रकोप देखने को मिला है। जहां गंभीर स्थिति में छह लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें सुनैना, सविता, तेतरी, मुन्नीलाल, सोना, सुजीत, सुनैना शामिल हैं। इसके इतर गांव में दस से अधिक लोग बीमार बताए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों पर गौर करें तो जिले के विभन्न इलाकों और सीएचसी से रेफर करीब 40 मरीज बृहस्पतिवार की सुबह डायरिया के रहे। इसके अलावा जिले की सीएचसी पर मरीज भर्ती मिले। ओपीडी में भी डायरिया पीड़ित मरीजों का तांता लगा रहा। चिकित्सकोें के अनुसार, मौसम के करवट बदलने और दूषित जल व बासी भोजन के सेवन के कारण लोग बीमारी की चपेट में अधिक आ रहे हैं।
जिला अस्पताल में डायरिया पीड़ित मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। किसी मरीज को दिक्कत न हो, इस पर विशेष ध्यान है। लोगों से अपील है कि वे पानी उबाल कर ही सेवन करें। - डॉ. एसएस पांडेय, प्रभारी सीएमएस।