लोकसभा चुनाव के लिए नियुक्त मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रशिक्षण में कुल 1728 मतदान कार्मिकों को उपस्थित होना था। इसमें से 38 बिना सूचना के अनुपस्थित रहे। उन्हें 25 मई को उपस्थित होकर प्रशिक्षण लेने का अंतिम अवसर दिया गया है। अनुपस्थित रहने पर उनके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत केस दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रहे प्रशिक्षण में कार्मिकों को प्रोजेक्टर के माध्यम से मतदान कराने का तरीका समझाया गया। पीठासीन अधिकारी, प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारी को उनके कार्य समझाए गए। छह कमराें में प्रोजेक्टर पर बारीकियां समझाई गई, जबकि 12 कमरों में ईवीएम के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षकों ने कार्मिकों मतदाताओं की पहचान से लेकर मतदान करने तक विभिन्न चरणों में महत्वपूर्ण बिंदुओं एवं सावधानियों पर विशेष रूप से जानकारी देते हुए अलग-अलग प्रारूपों पर सूचना अंकित करने की प्रक्रिया समझाई। सीडीओ सौरभ गंगवार ने सभी को प्रशिक्षण में शामिल होकर पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।