जिले के सात परीक्षा केेंद्रों पर मंगलवार को चौकस व्यवस्था के बीच शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) हुई। प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 3110 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिसमें 237 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 2746 में 117 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह से दोनों पालियों में 354 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 14 मजिस्ट्रेट दो सचल दस्ता सहित अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे। परीक्षा के चलते परीक्षार्थियों की काफी भीड़ लगी रही।
राबर्ट्सगंज मुख्यालय स्थित राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रकाश जीनियस इंटर कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय छपका और संत कीनाराम महाविद्यालय लोढ़ी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। प्रथम पाली में सुबह दस बजे से लेकर दोपहर साढ़े 12 बजे परीक्षाएं हुईं। वहीं दूसरी पाली में ढाई से पांच बजे तक प्राथमिक स्तर की परीक्षा हुई।
परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स तैनात रही। डीएम और एसपी ने राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज का जायजा लिया। इस दौरान आरएसएम इंटर कालेज के प्रिंसिपल को वार्षिकोत्सव कराने के लिए डीआईओएस के माध्यम से पत्र भेजने को कहा। डीएम ने आरटीएस स्कूल के जर्जर भवन का मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक शिवलाल ने बताया दोनों पालियों की परीक्षा में 5856 परीक्षिर्थयों को शामिल होना था, जिसमें 5502 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान एक भी नकलची नहीं पकड़े गए।