दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के खजुरी रेलवे क्रासिंग के समीप से बुुधवार की रात में पुलिस ने दो ट्रक से 33 मवेशियों को बरामद किया। इसके साथ तस्कर सहित दो चालकों को गिरफ्तार कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की रात में पुलिस टीम गश्त पर थी। रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दो ट्रक में मवेशी लादकर कहीं ले जाया जा रहा है। सूचना पर कस्बे से गुजर रहे दो ट्रक को पुलिस ने खजूरी रेलवे क्रॉसिंग के पास पकड़ लिया। दोनों ट्रक में 33 भैंस बरामद हुए। यह पशु क्रूरता के अपराध की श्रेणी में है क्योंकि एक दस चक्का में छह और 12 चक्का में आठ भैंस अधिकतम आ सकती हैं लेकिन दोनों ट्रक में मवेशियों को बेतरतीब ढंग से रखा गया था। पकड़े गए मवेशियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों को सुपुर्द कर दिया। वहीं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत ट्रक चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रक सीज कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अब्दुल कय्यूम और मो. आलम दोनों ट्रक चालक बैसपुर थाना मानछाता जिला प्रतापगढ़ के रहने वाले है। आलम निवासी बघाडू थाना दुद्धी का रहने वाला है। तीनों को खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बरामद मवेशियों मेें 14 भैंसा और 19 भैंस हैं। पुलिस ने पकड़े गए तीनों लोगों को थाने से मुचलका पर छोड़ दिया।