दुद्धी। प्रधानमंत्री आवास योजना का जिम्मेदार पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसा ही मामला दुद्धी नगर पंचायत में देखने को मिला। क़स्बे की वार्ड नंबर 10 में रहने वाली निराश्रित महिला कलावती देवी आवास की दूसरी किस्त का पिछले तीन माह से इंतजार कर रही है। महिला नवंबर में ही फाउंडेशन लेबल का निर्माण कराकर बैठी है। अब उसे आगे की निर्माण के लिए दूसरी किस्त नहीं मिल रही।
महिला ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मदद की गुहार लगाई है। लिखा है कि उसका आवास जून 2018 में आया था। बालू की समस्या के कारण नवंबर माह तक प्रथम किस्त की राशि से ग्राउंड लेबल पर निर्माण मानक के अनुसार करवा दिया गया। उसके बाद भी मार्च बीत गया लेकिन आवास की दूसरी किस्त नहीं आई। मामले को लेकर कई बार नगर पंचायत के अधिकारी, डूडा विभाग के कर्मचारियों से मिल चुकी मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ। सभी सिर्फ एक ही बात का आश्वासन देते हैं कि उसका नाम भेज दिया गया। कलावती देवी ने यह भी कहा कि मेरे बगल की ही एक महिला का दूसरी किस्त इसी महीने आ चुका है।