सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाज की नकल कर सुर्खियों में आने वाले गोरडीहा निवासी अभय शर्मा को मतदाता जागरूकता का ब्रांड एंबेसडर तो बना दिया गया, मगर कार्यक्रम की जानकारी तक उनको नहीं मिल रही है। ब्रांड अंबेसडर खुद को जागरूक मतदाता मानते हुए अपने स्तर से कार्यक्रम कर रहे हैं। एक माह के भीतर पांच-छह कार्यक्रम भी किए जा चुके हैं। बृहस्पतिवार को ओबरा में जागरूकता का कार्यक्रम रखा गया है, लेकिन अभी तक सरकारी अमले की तरफ से इसको लेकर सहयोग न किए जाने का उनको मलाल है।
लोकसभा चुनाव को लेकर जहां एक दूसरे पर तरकस साधे जाने लगे हैं। वहीं प्रशासनिक अमले की तरफ से अभी इसको लेकर तैयारी की जा रही है। बृहस्पतिवार को स्वीप की तरफ से इसको लेकर 18 मई तक के कार्यक्रम का कैलेंडर जारी किया जाएगा। निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके प्रति लोगों में आकर्षण बढ़ाने के लिए पीएम मोदी की तरफ से वाहवाही बटोर चुके अभय शर्मा को जिले के ब्रांड अंबेसडर बनाया गया है। शर्मा भी इस बात को स्वीकारते हैं। बताते हैं कि 25 फरवरी को उन्हें इसका पत्र मिला था। तब से अब तक अपने स्तर पर वह छह कार्यक्रम कर चुके हैं। इसके लिए गोरडीहा में घर-घर जाकर मिमिक्री की है। राबटर्सगंज में ब्लड बैंक में रक्तदान के जरिए लोगों को जागरूक किया गया। गीत-संगीत के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक की भी योजना बनाई गई है। हालांकि शर्मा का यह भी कहना था कि इस दरम्यान उन्होंने सरकारी अमले से कार्यक्रम के लिए कई बार संपर्क साधा लेकिन अब तक उत्तर नहीं मिल पाया। एक-दो दिन में जिला निर्वाचन अधिकारी से मिलकर अवगत कराएंगे। उधर, स्वीप प्रभारी/डीपीआरओ आरके भारती का कहना था कि ब्रांड अंबेसडर के जरिए जागरूकता अभियान चलाने के लिए कार्यक्रम तय कर लिया गया है। बृहस्पतिवार को इसका कैलेंडर जारी कर दिया जाएगा। 18 मई तक जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। उधर जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि स्वीप टीम लगातार मतदाताओं को जागरूक कर रही है। जिले में कार्यक्रम भी हो रहे हैं। चूंकि यहां अंतिम चरण में मतदान है और होली त्योहार पड़ने के नाते ब्रांड अंबेसडर का कार्यक्रम अब लगाया जाएगा।