सोनभद्र। रबी क्राप कटिंग के वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कर्मियों का प्रशिक्षण हुआ। इसमें डीएम ने 309 राजस्व कर्मियों को एडवांस टेक्नोलाजी का स्मार्ट फोन भी दिया। इस दौरान डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि राजस्व कार्मिक प्रधान मंत्री सफल बीमा योजना के तहत एमडीएम एवं एग्री ऐपयुक्त स्मार्ट फोन का इस्तेमाल नियमानुसार रबी क्राप कटिंग की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी के लिए करें। क्राप कटिंग के रिपोर्ट के आधार पर राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी नियमानुसार रिपोर्र्टिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीएम अग्रवाल व एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने स्मार्ट फोन में इस्तेमाल किये जाने वाले एमडीएम एवं एग्री ऐप के बारे में जानकारी दी और कहा कि सभी राजस्व कार्मिक शासनादेश के अनुसार एमडीएम एवं एग्री ऐपयुक्त स्मार्ट फोन का इस्तेमाल प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के तहत आगामी रबी फसल के क्राप कटिंग में करें। इस मौके पर राजस्व कार्मिकों को ऐप के इस्तेमाल करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। जिले के दुद्धी तहसील क्षेत्र के 102 राजस्व कार्मिकों, तहसील घोरावल के 57 राजस्व कार्मिकों तथा राबर्ट्सगंज के 150 राजस्व कार्मिंकों को एमडीएम एवं एग्रीऐप युक्त स्मार्ट फोन प्रदान किये गयेें। बैठक में राजस्व निरीक्षक, लेखपाल मौजूद रहे।