बीजपुर। नेमना गांव में रेनुकूट- बीजपुर मुख्य मार्ग पर स्थित जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक स्कूल में तीन दिन से चार शिक्षकों के अनुपस्थित रहने की जांच शुरू हो गई है। ग्राम प्रधान की शिकायत पर बीएसए ने जांच के आदेश दिए हैं।
नेमना के ग्राम प्रधान सीताराम ने बताया कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेनूकोट से कभी-कभी आती हैं। बीजपुर कालोनी से आने वाली दूसरी शिक्षक भी चार दिनों से बिना अवकाश के ही अनुपस्थित हैं। जिससे बच्चों का पठन पाठन बाधित हो रहा है। बच्चे स्कूल तो समय से आते हैं लेकिन तैनात टीचरों के न आने से कक्षा छह से आठ तक के स्कूल में पढ़ने वाले 179 बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। अभिभावकों और बच्चों की शिकायत पर ग्राम प्रधान सीताराम ने बदहाल शिक्षा व्यवस्था का हाल जानते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल को विद्यालय की बदहाल शिक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। बीएसए ने बताया कि उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों का आरोप है कि आस पास में ही संचालित दोनों विद्यालयों में जूनियर के दो शिक्षक तैनात हैं लेकिन दोनों गायब हैं। इसी प्रकार प्राइमरी में चार टीचर तैनात हैं लेकिन मौके पर एक अध्यापिका और शिक्षा मित्र ही मौजूद मिलीं। शेष चार टीचर तीन से चार दिनों से गायब हैं। पता करने पर स्कूल में शिक्षकों के अनुपस्थित रहने का कोई कारण अभिलेख में दर्ज नहीं पाया गया।