सोनभद्र। खनन उद्योग में वर्चस्व की जंग अब खूनी खेल तक पहुंच गई है।
कई बड़े कारोबारियों के खनन में हस्तक्षेप के बाद भी हत्या तक का कोई मामला इसके पहले कभी नहीं आया। लेकिन चोपन के नगर पंचायत अध्यक्ष इम्तियाज अहमद की बृहस्पतिवार को गोली मारकर की गई हत्या के बाद खनन व्यवसाय में आपसी रंजिश खुलकर सामने आ गई है।
जिले में खनिज संपदाओं की प्रचुरता है। यहां बालू, पत्थर और कोयला का कारोबार बड़े पैमाने पर होता है। तमाम बड़ी कंपनियों और ग्रुपों के लोग यहां व्यवसाय करने आए लेकिन कभी रंजिश में हत्या की नौबत नहीं आई। चर्चा में यहां तक पूर्व में आया था कि कई बड़े माफियाओं के गुुर्गों ने भी खनन व्यवसाय में हाथ डाला, लेकिन उनकी ओर से किसी ऐसी घटना केे अंजाम नहीं दिया गया जिससे लोग पहले कभी इस व्यवसाय को लेकर दहशत में आते। लेकिन बृहस्पतिवार की अल सुबह चोपन में नगर पंचायत अध्यक्ष और खनन उद्यमी इम्त्तियाज अहमद की सरेआम गोली मारकर की गई हत्या ने पूरे खनन व्यवसाय में चल रही आपसी अदावत को उजागर कर दिया है। अभी भले यह स्पष्ट न हो कि हत्या की वजह खनन व्यवसाय को लेकर रंजिश ही है। वहीं उस्मान का कहना है कि पत्थर को लेकर कुछ लोगों से उनके भाई का विवाद हुआ था।