सोनभद्र (अनपरा) । तकनीकी खराबी के चलते एक दिन पूर्व ट्रिप हुई अनपरा डी पांच सौ मेगावाट की छठीं इकाई को सोमवार की देर रात लाइटअप कर लिया गया। इसके चालू होने से अनपरा का विद्युत उत्पादन 1712 मेगावाट पहुंच गया है।
अनपरा डी की पांच सौ मेगावाट की छठीं इकाई के चालू होने से विद्युत उत्पादन में इजाफा जरूर हुआ है लेकिन इसे विद्युत संकट दूर हो जाना नहीं कहा जा सकता है। दरअसल इस बिजलीघर की10 मेगावाट क्षमता की दूसरी इकाई तथा पांच सौ मेगावाट की सातवीं इकाई 25 सिंतबर तक अनुरक्षण के लिए बंद कर दी गई है। जब तक इन दोनों इकाईयों से विद्युत उत्पादन शुरू नहीं होता, बिजली संकट बरकरार रहने की ही उम्मीद है। प्रदेश की अन्य बिजली घरों से भी विद्युत उत्पादन में सुधार हुआ है। अनपरा से 1712, ओबरा से 458, पनकी से 60, पारिछा से 799 व हरदुआगंज से 495 मेगावाट विद्युत उत्पादन मंगलवार को अपराह्न तीन बजे हो रहा था। विद्युत उत्पादन में कुछ हद तक सुधार होने पर थर्मल बैकिंग में भी कमी आई है। मंगलवार को इन सभी विद्युत परियोजनाओं में महज 65 मेगावाट थर्मल बैकिंग हुई। जो विद्युत उत्पादन में राहत देने वाला है।