सोनभद्र। जिले में तीन महिलाओं समेत 31 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में अब तक पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 1228 हो गई है। शनिवार को पूर्व में कोरोना संक्रमित मिले 62 लोग इलाज के बाद स्वस्थ भी घोषित किए गए। इसकी पुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की। उन्होंने बताया कि शनिवार को पाजिटिव मिले 31 लोगों के साथ ही जिले में अब एक्टिव मामले 188 हो गए हैं। उधर, चिकित्सकों की अलग-अलग टीमें शनिवार को भी रेंडम व संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटीं रहीं। शनिवार को 1825 लोगों के सैंपल लिए गए। हालांकि पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1632 लोगों की जांच रिपोर्ट भी आई। जिसमें 31 पाजिटिव और 1601 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 43737 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 41299 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 1228 पाजिटिव और 40071 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रही है। अन्य 2438 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 62 मरीज इलाज के बाद शनिवार को स्वस्थ घोषित किए गए। इसके साथ ही अब तक स्वस्थ होने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1027 हो गई है। अब तक संक्रमित मिले मरीजों में दो लोगों की जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है जबकि 11 अन्य की मौत दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है।
जिले में अब कुल एक्टिव मामले 188 हो गए हैं। उन्होंने शनिवार को संक्रमित मिले मरीजों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने का काम शुरू कर दिया गया है। एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कराकर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन वाले इलाकों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। लोगों को जरूरत के सामान घर पर ही उपलब्ध कराने को कहा गया है।
कोरोना पाजिटिव व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के सतौहा गांव निवासी कोरोना पॉजिटिव मिले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने महामारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय लेखपाल की तहरीर पर की गई है। कोतवाली निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल नेवारी लक्ष्मी सिंह की तरफ से दी गई तहरीर में कहा गया है कि सतौहा गांव निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पाजिटिव मिली है। जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड केयर सेंटर में भर्ती करने के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा स्थानीय तहसील प्रशासन की टीम जब संक्रमित व्यक्ति के घर उसे लेने के लिए पहुंची तो वह घर से फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी खोजबीन की जा रही है।