दुकानों पर छापेमारी कर पॉलिथीन बरामद करते एसडीएम शादाब असलम।
- फोटो : sonbhadra
सोनभद्र। सरकार के रोक लगाने के बावजूद जिले में कई बड़े व्यापारी धड़ल्ले से पॉलिथीन के थैले का कारोबार कर रहे हैं। इसका खुलासा रविवार को राबट्र्सगंज में एसडीएम शादाब असलम, नपा के ईओ ने करीब 30 किराना समेत अन्य दुकानों पर छापेमारी करके किया। अधिकारियों ने निरंक अग्रवाल के गोदाम से 5.23 कुंतल पॉलिथीन का थैला बरामद किया।
तीन दुकानों पर पॉलिथीन थैला मिलने पर तीन हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। राबर्ट्र्सगंज बाजार में शाम करीब पांच बजे से फोर्स के साथ एसडीएम, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरि ने किराना समेत अन्य दुकानों पर पॉलिथीन के थैले की जांच शुरू की। इसकी जानकारी होते ही दुकानदारों ने दुकानों से पॉलिथीन को हटाना शुरू कर दिया।
मेन चौक से धर्मशाला चौक तक अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर दुकानों पर जांच की। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि राबट्र्सगंज नगर निवासी निरंक अग्रवाल के गोदाम से करीब 5.23 कुंतल पॉलिथीन का थैला बरामद हुआ है। दुकानदार के खिलाफ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि तीन दुकानों पर कम मात्रा में पॉलिथीन का थैला मिला था।
तीनों दुकानदारों से एक-एक हजार रुपये जुर्माना जमा कराया गया है। जिन दुकानदारों के यहां पांच किलोग्राम से ज्यादा पॉलिथीन का थैला मिलेगा उनसे 25 हजार रुपये जुर्माना समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि थैलों में सामान देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।