घोरावल। मध्य प्रदेश की सीमा से सटे जिले के घोरावल तहसील क्षेत्र की अतिमहत्वपूर्ण सड़क की दशा जल्द ही बदलने वाली है। अब इस पर भी एक साथ दो वाहन चल सकेंगे। घोरावल से गुरुवल होते हुए कोलियाघाट तक की खस्ताहाल सड़क के सुदृढ़ीकरण और उसके चौड़ीकरण के लिए शासन ने 30.73 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। इसकी जानकारी सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से किए गए ट्वीट से मिली।
घोरावल बाजार से मध्य प्रदेश की ओर जाने के लिए काफी संख्या में लोग घोरावल-गुरुवल-शिल्पी वाया कोलियाघाट का इस्तेमाल करते हैं। काफी समय से इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग होती रही है। सोमवार को उस समय लोगों को खुशी मिली जब सीएम आफिस से यह ट्वीट हुआ कि इस सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए 30 करोड़ 73 लाख 44 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस मार्ग पर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव हैं। 22 किलोमीटर की इस सड़क से शिल्पी, कोरट, गुरुवल, लोहांडी आदि गांव जुड़े हैं। आगे जाने पर यह मार्ग चोपन थाना क्षेत्र में मिल जाता है। यानी कुड़ारी होते हुए मध्य प्रदेश तक यहीं मार्ग चला जाता है। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो इस मार्ग के निर्माण से लोगों को काफी सहूलियत होगी।